अलअरब समाचारपत्र ने एक राजनैतिक सूत्र के हवाले से बताया है इराक़ अमरीका के एक प्रस्ताव पर ग़ौर कर रहा है जिसमें अमरीका ने उसे कुछ शर्तों के साथ ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों से छूट देने की बात कही है। पत्र के अनुसार अमरीका ने कहा है कि अगर ऊर्जा के समझौतों के क्रियान्वयन में अमरीकी कंपनियों को सुविधाएं दी जाएं तो वाॅशिंग्टन, इराक़ को ईरान पर लगे प्रतिबंधों से छूट देने के लिए तैयार है। उक्त सूत्र ने कहा है कि अमरीका का मानना है कि इराक़ को ऊर्जा की कमी की समस्या के समाधान के लिए लगभग चार साल का समय लगेगा और वह इसके लिए 20 अरब डाॅलर तक ख़र्च करेगा।
अलअरब ने उक्त सूत्र के हवाले से कहा है कि अमरीका, ईरान विरोधी प्रतिबंधों के मामले को इराक़ की ऊर्जा संबंधी परियोजनाओं के क्रियान्वयन तक अपनी कंपनियों की पहुंच से जोड़ने का विरोधी नहीं है। अलबत्ता या फ़ार्मूला, इराक़ को ऊर्जा के क्षेत्र में ईरान पर निर्भरता से मुक्त कराने के उद्देश्य से पेश किया जा रहा है। सूत्र का कहना है कि इराक़ की सरकार अमरीका के इस प्रस्ताव पर ग़ौर कर रही है। ज्ञात रहे कि इराक़ अपनी आवश्यकता की गैस और बिजली ईरान से आयात करता है और वह ईरान की बिजली के सबसे बड़े ख़रीदारों में से एक है। अमरीका के प्रस्ताव के अनुसार जब तक अमरीकी कंपनियां ऊर्जा संबंधी परियोजनाओं को पूरा नहीं कर लेतीं तब तक इराक़, ईरान से गैस व बिजली का आयात जारी रख सकता है।